top of page

आदर्श बाल विद्यालय समीक्षा - शिक्षा, शिक्षक और हमारा मौन

  • Writer: Vivek
    Vivek
  • Jul 26
  • 4 min read

आधी रात को, जब पूरा वीकेंड एक सीरीज़ देखने में बीत गया... एक अच्छी सीरीज़ आदर्श बाल विद्यालय देखकर जब उठा, तो ख्याल आया शिक्षक, गुरु और हमारे समाज में उनकी ज़रूरत का।


शिक्षा, जो वर्तमान में आंदोलन का मुद्दा बनी हुई है... जिसके लिए लाखों बच्चों ने विरोध प्रदर्शन किया... वही शिक्षा, जिसकी बात हमारे देश में बहुत कम होती है और शिक्षक जो हमारे समाज में वैसे हीं कम हैं और उनका सम्मान उनसे भी कहीं ज्यादा कम। कुछ शिक्षक पद पर तो हैं, पर उनका शिक्षा से वास्ता नहीं। और जो सच में अच्छे शिक्षक हैं, वे बहुसंख्य छात्रों, सीमित संसाधनों, न्यून वेतन और न्यूनतम सम्मान के साथ... पता नहीं कैसे भारत के भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।


दुख की बात है कि भारतीय बुद्धिजीवी समाज शायद अपना अधिकतर समय धर्म, संप्रदाय, जाति और राजनीति पर चर्चा करके निकाल देता है... पर कभी विद्यार्थी, विद्यालय और विद्या को लेकर सवाल नहीं पूछता। नहीं पूछता कि बच्चियाँ स्कूल क्यों नहीं पूरा कर रहीं। नहीं पूछता कि हमारे नौजवान अचानक पढ़ाई छोड़कर धर्म, पार्टी और संस्कृति बचाने सड़क पर क्यों उतर जाते हैं। नहीं पूछता कि बिहार और यूपी के बच्चों के हाथों में कट्टा कौन थमा जाता है। नहीं पूछता कि एक गरीब घर का 13-14 साल का बच्चा अफ़सरों और उनके दफ़्तरों के चक्कर काट-काटकर मदद की गुहार क्यों लगाता है।


शहरों में रहने वाले हम जैसे लोग... जिसने शायद सिस्टम से लड़-झगड़कर, ठीक-ठाक प्राइवेट स्कूल से पढ़कर, कोई भारी-भरकम परीक्षा पास करके एक साधारण सी नौकरी करने ऑफिस जा रहे होते हैं, अपनी कार और बाइक पर... तो हम सवाल क्यों नहीं पूछते? क्यों नहीं पूछते कि मुंबई के सिग्नल पर जो गर्मी और बारिश में शीशा साफ़ करने आता है, उसकी ज़िम्मेदारी कौन लेगा? क्यों नहीं मिल रहे इन्हें संसाधन? कितने बेशर्म हैं ना हम... हर बात को किस्मत से जोड़ लेते हैं, मान लेते हैं कि यह पिछले जन्म के कर्मों का फल होगा। इस यक़ीन के साथ ख़ुद को थोड़ा 'किस्मती' समझ लेते हैं, और व्यवस्था को वैसी ही छोड़ देते हैं जैसी पहले थी — जिसे किसी ने नहीं बदला, तो वैसी ही रहेगी।


पर ठीक है... आप नहीं पूछते तो मत पूछिए, आपके और मेरे बस की बात भी नहीं है। लेकिन जब कोई पूछे, तो उसे पूछने दीजिएगा। उसे कोई टैग देकर डराने या ख़ुद की कमियाँ छुपाने की कोशिश मत कीजिएगा, क्योंकि यह सवाल ज़रूरी है — ज़रूरी है इस समाज के भविष्य के लिए, और यह समझना भी ज़रूरी है इस देश के लोगों के लिए। समझिए... महसूस कीजिए... इस बात को स्वीकार कीजिए कि हम पीछे हैं, हम सुधार करके बदल सकते हैं। और इन सबमें सबसे बड़ा सहयोग गुरु का होगा — मंत्र देने वाले, कथावाचक नहीं। वह गुरु जो आपके बच्चों के जीवन को मार्गदर्शन देगा, उन्हें इंसान बनाएगा। हाँ इंसान, वही दुर्लभ प्राणी, जिसे तर्क करने का, सोचने का, समझने का और उसे कर्म में बदलने का वरदान प्रकृति से मिला है।


शायद इन सब बातों को ही बहुत सरल, व्यंग्यात्मक तरीके से यह छोटी-सी सीरीज़ कहती है। यह बताती है कि शिक्षक के जीवन में क्या परेशानियाँ हैं, उसे भी इंसान-सा दिखाती है — जिसका ख़ुद का स्वार्थ भी है, पर उस कर्तव्य के प्रति उसकी मौलिकता भी है। यह सरकारी स्कूल में सीमित संसाधनों और गरीब परिवार के बच्चों की मनोदशा समझाती है। यह भी समझाती है कि नेता वोट के लिए किस तरह अपने प्रोपेगैंडा को सरकारी स्कूल और शिक्षा व्यवस्था के माध्यम से फैलाते हैं, और उनका छोटे बच्चों पर क्या असर होता है — कैसे समाज के एक समुदाय के प्रति फैलायी गयी नफ़रत बच्चों में ज़हर घोल सकती है।


यह बताती है गरीब परिवार से आने वाले उस एक मेधावी छात्र की कहानी, जो न जाने कितनी उम्मीदों का बोझ अपने कंधों पर उठाता है, टूटता है — और तभी कोई गुरु आकर उस कंधे को थोड़ा सहारा देकर मज़बूत कर जाता है। उन बच्चों की कहानी भी, जिन्हें लगने लगता है कि वे नाकारा हैं, कि वे तो बस रैली और नेताओं के रथ खींचने के लिए बने हैं — उन्हें भी यह सीरीज़ जगह देती है, उनकी मनोदशा बताती है। और अगर सही शिक्षक और गुरु मिल जाए, तो शायद उन्हें भी सही रास्ते पर लाना इतना मुश्किल नहीं होगा।


आम भाषा में कहें तो बच्चों को मलाई, दूध और खुरचन तो दिखा दिया इस सीरीज़ में, लेकिन जाते-जाते आख़िरी एपिसोड में खुरचन से बने कलाकंद का स्वाद भी चखा दिया। तो ज़रूर देखिए — क्योंकि हम मिडिल क्लास वाले तो आवाज़ उठाएँगे नहीं, कुछ बोल नहीं पाते ना हम... इनसिक्योर हैं, डर लगता है। इतनी मेहनत-मशक्कत के बाद दो कमरे के घर और एक बाइक तक तो पहुँच पाए, जैसे-तैसे बच्चे स्कूल जा रहे — कौन रिस्क ले आवाज़ उठाकर, सब खो न जाए।


यह सही भी है, हमारे नज़रिए से। पर हम अपनी सोच और समझ को जीवित तो रख सकते हैं, अपने शिक्षकों का सम्मान तो कर सकते हैं, गुरु को पहचान तो सकते हैं। तो देखिए, समझिए, और इंसान बने रहिए। इतना सहयोग भी बहुत है।

2 Comments


Prakash Sah
Prakash Sah
Jul 26

इस वेब सीरीज़ का सार्थक विश्लेषण।

इस जीवन संघर्ष में इंसानियत तो मानो खो ही बैठे हैं पर इस लेख से उस ओर फिर से मूड़ने के लिए प्रेरित हुआ। धन्यवाद।

~पी०एस०

Like
Vivek
Vivek
Jul 26
Replying to

धन्यवाद प्रकाश


Like
bottom of page